मॉडल टाउन में महिला से छेड़छाड़, जबरन चुम्बन देने वाला 23 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। सुपेला थाना अंतर्गत स्मृतिनगर चौकी पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर महिला से छेड़छाड़ करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 1 अगस्त को स्मृतिनगर चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 31 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी सहेलियों के साथ मॉडल टाउन स्थित शनि मंदिर के पास एक चाय की दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और बुरी नियत से उसके साथ छेड़छाड़ कर मौके से फरार हो गया।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हेमंत क्षत्रिय (23) निवासी इंदिरा नगर, उड़ीया मोहल्ला, मॉडल टाउन, स्मृतिनगर के रूप में हुई है।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे मामलों में शिकायत मिलते ही त्वरित, संवेदनशील और सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
