राजस्थान NEET पेपर लीक पर सियासत तेज, गिरफ्तार आरोपी के BJP कनेक्शन के आरोप, कांग्रेस ने घेरा

राजस्थान में NEET-2026 पेपर लीक मामला अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस मामले में सत्ता से जुड़े तार सामने आने के दावे भी तेज हो गए हैं। ताजा गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है।

कांग्रेस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपी दिनेश बिवाल भाजपा से जुड़ा पदाधिकारी है। सोशल मीडिया पर आरोपी की कई तस्वीरें भाजपा नेताओं के साथ वायरल हो रही हैं। इन्हीं तस्वीरों को शेयर करते हुए कांग्रेस नेताओं ने भाजपा से जवाब मांगा है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पोस्ट कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

अशोक गहलोत ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और इसकी जांच सिर्फ आरोपियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी के परिवार के कई लोगों को पहले सरकारी नौकरी मिल चुकी है, जिसकी भी जांच होनी चाहिए।
गहलोत ने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा लगातार कांग्रेस सरकार को पेपर लीक के मुद्दे पर घेरती रही, लेकिन अब खुद सवालों के घेरे में आ गई है। उन्होंने कहा कि 2024, 2025 और अब 2026 में भी NEET पेपर आउट होने की बातें सामने आ रही हैं। आखिर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ की जिम्मेदारी कौन लेगा?
फिलहाल मामले की जांच जारी है और राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।
