पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, हाईवे किनारे नाले में फेंका शव

दिवाली मनाने गांव आया था 40 वर्षीय रामसेवक, गला रेतकर उतारा मौत के घाट; पत्नी हिरासत में, प्रेमी की तलाश में जुटी पुलिस

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, हाईवे किनारे नाले में फेंका शव

एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले के भदवास गांव में अवैध संबंधों के चलते हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद चाकू से गला रेतकर शव को हाईवे किनारे नाले में फेंक दिया गया। दिवाली के मौके पर गांव आया 40 वर्षीय रामसेवक अचानक लापता हो गया था। मंगलवार को उसका शव बरामद होने के बाद इस हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस ने मृतक की पत्नी सीमा और उसके प्रेमी आकाश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है।

मृतक के भाई भूप सिंह के मुताबिक, रामसेवक दिल्ली में वाहन चलाने का काम करता था और मॉडल टाउन इलाके में रहता था। वर्ष 2008 में उसकी मुलाकात बिहार के बेगूसराय निवासी सीमा से हुई थी। सीमा का पहला पति सनोज चौधरी भी रामसेवक के साथ काम करता था। इसी दौरान रामसेवक और सीमा के बीच नजदीकियां बढ़ीं। दोनों ने वर्ष 2009 में हाथरस की अदालत में कोर्ट मैरिज कर ली। सीमा के पहले पति से तीन बच्चे थे, जो तलाक के बाद अपने पिता के पास रहते थे। रामसेवक से शादी के बाद सीमा को एक बेटी और एक बेटा हुआ। बताया गया कि इसी दौरान रामसेवक का रिश्ते का चाचा आकाश भी गांव से दिल्ली पहुंचा और फल बेचने का काम करने लगा। यहां आकाश और सीमा के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसकी जानकारी रामसेवक को हुई तो उसने सीमा को आकाश के साथ रहने के लिए छोड़ दिया। इसके बाद रामसेवक अपनी सास के साथ दिल्ली के मॉडल टाउन स्थित हनुमान मंदिर (भामाशाह मार्केट) के पास झुग्गी में रहने लगा।

दिवाली मनाने गांव आया था रामसेवक

दिवाली का त्योहार मनाने के लिए रामसेवक 8 नवंबर की सुबह अपने बच्चों के साथ गांव आया था। सीमा और आकाश भी गांव में मौजूद थे। बताया जाता है कि उसी दिन शाम करीब सात बजे रामसेवक अचानक लापता हो गया। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अगले दिन मृतक के भाई भूप सिंह ने पिलुआ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

हाईवे किनारे नाले में मिला शव

मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि भदुआ और भदवास के बीच हाईवे किनारे नाले में एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त रामसेवक के रूप में की। मृतक का गला धारदार हथियार से रेता गया था। चेहरे पर भी गंभीर चोटों के निशान थे। घटनास्थल के पास खून से सना एक पत्थर भी बरामद हुआ।

पत्नी हिरासत में, प्रेमी की तलाश जारी

मृतक के भाई ने पुलिस को दी गई शिकायत में पत्नी सीमा और आकाश पर हत्या का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस ने सीमा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि फरार आकाश की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।