भारतीय मूल के 14 वर्षीय श्रेय पारिख बने स्पेलिंग बी चैंपियन, जीते 41 लाख रुपए

भारतीय मूल के 14 वर्षीय श्रेय पारिख बने स्पेलिंग बी चैंपियन, जीते 41 लाख रुपए

कैलिफोर्निया के 14 वर्षीय भारतीय मूल के छात्र श्रेय पारिख ने प्रतिष्ठित स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी 2026 का खिताब जीत लिया है। फाइनल मुकाबले में उन्होंने न्यू जर्सी के ईशान गुप्ता को हराकर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की। प्रतियोगिता के निर्णायक स्पेल-ऑफ राउंड में श्रेय और ईशान को 90 सेकंड के भीतर ज्यादा से ज्यादा शब्दों की सही स्पेलिंग बताने का मौका दिया गया। श्रेय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 32 शब्दों की सही स्पेलिंग बताई, जबकि ईशान 25 शब्द ही सही बता सके। इसी आधार पर श्रेय को विजेता घोषित किया गया।

श्रेय पारिख का यह सफर लगातार मेहनत और सुधार की मिसाल माना जा रहा है। वर्ष 2022 में वे स्क्रिप्स स्पेलिंग बी में 89वें स्थान पर रहे थे, जबकि 2024 में तीसरे स्थान तक पहुंचे थे। अब 2026 में उन्होंने प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ श्रेय को 50 हजार अमेरिकी डॉलर यानी करीब 41.5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा उन्हें स्मारक पदक, प्रतिष्ठित स्क्रिप्स कप, मेरियम-वेबस्टर की ओर से 2,500 डॉलर, डेल्टा एयरलाइंस की ओर से 1,000 डॉलर का फ्लाइट क्रेडिट और एनसाइक्लोपीडिया ब्रिटानिका की ओर से संदर्भ पुस्तकें भी प्रदान की जाएंगी।

तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता वॉशिंगटन स्थित डीएआर कॉन्स्टिट्यूशन हॉल में आयोजित हुई। इसमें अमेरिका के 50 राज्यों समेत कई देशों के कुल 247 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता के अंतिम दौर में नौ प्रतिभागी पहुंचे थे। वहीं जॉर्जिया के 12 वर्षीय सर्व धारवाने तीसरे स्थान पर रहे। स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित स्पेलिंग प्रतियोगिताओं में गिनी जाती है। हर साल आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में हजारों छात्र भाग लेते हैं और कई कठिन चरणों से गुजरने के बाद विजेता का चयन किया जाता है।