जन्मदिन के दिन लापता हुई युवती का रेत में दफन मिला शव, हत्या से सनसनी
महासमुंद के झारा गांव में 18 वर्षीय भारती टंडन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले; प्रेम-प्रसंग के एंगल पर जांच तेज, कई युवक हिरासत में

महासमुंद जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम झारा की रहने वाली 18 वर्षीय भारती टंडन, जो अपने जन्मदिन की रात रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई थी, उसका शव तीन दिन बाद गांव से कुछ दूरी पर एक नाले के किनारे रेत में दफन मिला है।

ग्रामीणों को इलाके से तेज बदबू आने पर घटना का पता चला। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान रेत में दबा शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान भारती टंडन के रूप में हुई। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के सिर पर करीब छह इंच लंबा गहरा घाव मिला है। चोट इतनी गंभीर थी कि सिर की हड्डी तक क्षतिग्रस्त हो गई। इसके अलावा शरीर पर संघर्ष के संकेत भी पाए गए हैं। पुलिस ने कुछ नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे हैं और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

परिजनों के अनुसार भारती 19 जून की रात घर से निकली थी और वापस नहीं लौटी। शुरुआती जांच में प्रेम-प्रसंग का एंगल भी सामने आया है। पुलिस ने युवती के कथित प्रेमी सहित कई युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और सभी तथ्यों को खंगाला जा रहा है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं।
