चार मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा, छह की मौत, कई के मलबे में फंसे होने की आशंका

चार मंजिला इमारत का हिस्सा ढहा, छह की मौत, कई के मलबे में फंसे होने की आशंका

भिवंडी (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के भिवंडी में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बालाजी नगर स्थित कोहिनूर बिल्डिंग का एक हिस्सा ढहने से छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात से आठ लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।

अधिकारियों के अनुसार, हादसा गुरुवार रात करीब 11:30 बजे हुआ। घटना से पहले इमारत के झुकने के संकेत मिलने पर वहां मरम्मत कार्य में लगे कई मजदूर समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। उस समय भवन में रिपेयरिंग का काम चल रहा था।

हादसे के बाद एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मलबा हटाने के दौरान छह शव बरामद किए गए। वहीं, एक महिला को जीवित बाहर निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना में बचने वाले दीपक कुमार यादव ने बताया कि पास की इमारत के खंभों की मरम्मत का काम चल रहा था। रात का खाना खाने के बाद सभी सो चुके थे, तभी तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर चारों ओर अफरातफरी मची हुई थी। जान बचाने के लिए उन्हें पहली मंजिल से नीचे कूदना पड़ा। प्रशासन का कहना है कि मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है। हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।