अलमारी के लॉकर से 8.20 लाख रुपये गायब, घर में काम करने वाली महिला पर चोरी का संदेह

भिलाई का मामला, सऊदी अरब से भाई ने भेजे थे पांच लाख रुपये, बी सुपेला पुलिस ने दर्ज किया अपराध

अलमारी के लॉकर से 8.20 लाख रुपये गायब, घर में काम करने वाली महिला पर चोरी का संदेह

भिलाई। घर की अलमारी में सुरक्षित रखी नकदी अचानक गायब हो गई। बैग में रखे लाखों रुपये में से केवल 1 लाख 5 हजार रुपये ही बचे थे। बाकी 8 लाख 20 हजार रुपये कहां गए, इसका पता नहीं चला। मामले में घर की मालकिन ने अपने यहां काम करने वाली महिला पर चोरी का संदेह जताते हुए पुलिस से शिकायत की है।

मामला स्मृति नगर चौकी क्षेत्र के दुर्गा नगर का है। कोहिनूर मैरिज पैलेस के पास रहने वाली निखत परवीन (37) ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की अलमारी के लॉकर में एक बैग में नकदी रखी थी। 28 सितंबर को जब उन्होंने लॉकर खोला तो बैग में रखी अधिकांश रकम गायब मिली। इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी।

भाई ने शादी के जेवर खरीदने के लिए दिए थे पांच लाख

शिकायत के मुताबिक, निखत के छोटे भाई आफताफ सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। उन्होंने 6 अगस्त 2026 को अपनी शादी के जेवर खरीदने के लिए पांच लाख रुपये दिए थे। इसके अलावा निखत ने अपनी बचत और बीसी से मिली रकम मिलाकर कुल 9 लाख 25 हजार रुपये जमा किए थे। यह रकम बेटी की अलमारी के लॉकर में बैग के भीतर रखी गई थी।

निखत का कहना है कि अलमारी की चाबी कपड़ों के नीचे रखी जाती थी। 28 सितंबर को जब वह बेटी के कमरे में पहुंचीं और लॉकर खोला, तो चाबी उसमें लगी हुई थी। बैग की जांच करने पर केवल 1 लाख 5 हजार रुपये मिले। शेष 8 लाख 20 हजार रुपये गायब थे।

घर में काम करने वाली महिला पर शक

निखत ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके पति सऊदी अरब में नौकरी करते हैं। घर में वह अपनी दो बेटियों और बेटे के साथ रहती हैं। घर में झाड़ू-पोंछा करने के लिए दुरपत बाई साहू आती थी। शिकायतकर्ता ने संदेह जताया कि नकदी चोरी करने में उसी महिला की भूमिका हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि घर के मुख्य गेट पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है।

सुपेला पुलिस कर रही जांच

शिकायत के आधार पर स्मृति नगर चौकी में आवेदन दिया गया था। इसके बाद मामला सुपेला थाना पुलिस को सौंपा गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 306 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।