कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर IED ब्लास्ट, DRG के 4 जवान शहीद

कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर पर IED ब्लास्ट, DRG के 4 जवान शहीद

कांकेर/नारायणपुर। बस्तर संभाग से शनिवार को एक दर्दनाक खबर सामने आई। कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा पर नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) के 4 जवान शहीद हो गए।

पुलिस के अनुसार, DRG की टीम छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के जंगलों में डी-माइनिंग और सर्चिंग ऑपरेशन पर निकली थी। सूचना मिली थी कि इलाके में नक्सलियों ने बड़ी संख्या में बारूदी सुरंगें बिछाई हैं। इसी दौरान जवान एक IED को निष्क्रिय करने की कोशिश कर रहे थे, तभी अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि जवानों को संभलने का मौका नहीं मिला।

शहीद जवानों के नाम:

इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी

कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा

संजय गढ़पाले

परमानंद कोमरा

बताया गया कि परमानंद कोमरा गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

‘नक्सलमुक्त’ घोषणा के बाद पहली बड़ी घटना

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ को 31 मार्च को नक्सल गतिविधियों से मुक्त घोषित किया गया था। इसके बाद यह पहली बड़ी नक्सली घटना है। बस्तर आईजी सुंदरराज पी के मुताबिक, सरेंडर कर चुके नक्सलियों से मिले इनपुट के आधार पर सुरक्षा बल लगातार पुराने IED को खोजकर नष्ट करने का अभियान चला रहे हैं।

इलाके में हाई अलर्ट

घटना के बाद पूरे बस्तर संभाग में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया है और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। नक्सलियों की तलाश में बड़े स्तर पर सर्चिंग और कॉम्बिंग ऑपरेशन जारी है।