दीपावली से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, अवैध पटाखों और शराब के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

नगरी और मगरलोड में बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण करने वालों पर छापा, बिरेझर में अवैध शराब बेचते युवक को पकड़ा, करीब 1.48 लाख रुपये की सामग्री जब्त

दीपावली से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, अवैध पटाखों और शराब के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। दीपावली के त्योहार को देखते हुए धमतरी पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण और अवैध शराब बिक्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले के तीन अलग-अलग थाना एवं चौकी क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में बिना लाइसेंस के रखे गए करीब 1.46 लाख रुपये मूल्य के पटाखे और अवैध देशी शराब जब्त की है। त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना नगरी, थाना मगरलोड और चौकी बिरेझर की पुलिस टीमों ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दबिश दी। इस दौरान दो स्थानों पर बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण और बिक्री किए जाने का मामला सामने आया, जबकि एक अन्य स्थान पर अवैध रूप से देशी शराब बेचते हुए युवक को पकड़ा गया।

नगरी में मकान-दुकान से मिले 1.30 लाख के पटाखे

पहली कार्रवाई थाना नगरी क्षेत्र के ग्राम फरसिया में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में एक मकान सह दुकान में बिना वैध लाइसेंस के बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी उदित नारायण सिन्हा, पिता जीवन लाल, निवासी फरसिया के कब्जे से विभिन्न ब्रांडेड कंपनियों के लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये मूल्य के पटाखे बरामद किए गए। पुलिस ने पटाखों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 82/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(ख) में मामला दर्ज किया है।

मगरलोड में किराना दुकान से 16,500 के पटाखे जब्त

दूसरी कार्रवाई थाना मगरलोड क्षेत्र में भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार एवं किराना स्टोर्स में की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दुकान में आकस्मिक दबिश दी। जांच के दौरान दुकान संचालक भानूप्रताप साहू (36 वर्ष), पिता धनीराम साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 03 मगरलोड के कब्जे से एक कार्टन में रखे विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद हुए। जब्त पटाखों की कीमत लगभग 16 हजार 500 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की है।

बिरेझर में अवैध शराब बेचते युवक गिरफ्तार

तीसरी कार्रवाई चौकी बिरेझर, थाना कुरूद क्षेत्र में की गई। पुलिस टीम ने ग्राम कंचना नाला पुल के पास घेराबंदी कर अवैध रूप से देशी शराब बेच रहे प्रेम कुमार चतुर्वेदी (20 वर्ष), पिता पंचराम चतुर्वेदी, निवासी कंचना को रंगे हाथों पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से देशी शराब के 11 पौवा बरामद किए गए, जिनकी कीमत 1,100 रुपये बताई गई है। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त 150 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस ने कुल 1,250 रुपये की संपत्ति जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 375/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) में मामला दर्ज किया है।