नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

गुमशुदगी की रिपोर्ट के बाद सखी सेंटर में मिली थी बालिका, पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने दर्ज किया था मामला; आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

नाबालिग से दुष्कर्म का मामला, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

नारायणपुर। जिले के एडका थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में नारायणपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद चिकित्सकीय परीक्षण कराया और न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम झारा निवासी एक महिला ने अपनी नाबालिग भतीजी के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में जानकारी मिली कि बालिका नारायणपुर स्थित सखी सेंटर में है। इसके बाद पुलिस ने बालिका से पूछताछ की, जिसमें सामने आए तथ्यों के आधार पर एडका थाने में अपराध क्रमांक 07/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 एवं 6 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए गए। मामले में ग्राम कुमगांव निवासी जागेश वड्डे (19 वर्ष), पिता मंगलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बेनूर अविनाश कंवर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी एडका सुशील सोम एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।