संबलपुर बायपास में लगी भीषण आग, धमतरी पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा

धमतरी। संबलपुर बायपास मार्ग के किनारे लगी भीषण आग पर धमतरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अभिषेक चतुर्वेदी के नेतृत्व में अर्जुनी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड को तत्काल सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही सीएसपी धमतरी, थाना प्रभारी अर्जुनी और पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से मोर्चा संभाल लिया। पुलिस ने उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग को नियंत्रित करने का प्रयास किया और उसे आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक दिया।

इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई के कारण जनहानि और बड़े पैमाने पर संपत्ति नुकसान की आशंका टल गई।
धमतरी पुलिस की त्वरित सूझबूझ, समन्वय और सक्रियता की स्थानीय लोगों ने सराहना की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस हमेशा तैयार रहती है।
