मरकाटोला घाटी में भीषण सड़क हादसा, पांच युवकों की मौत

डीजे से लदी पिकअप को ट्रक ने मारी टक्कर, पांच घायल; हादसे में दो की मौके पर और तीन की इलाज के दौरान मौत

मरकाटोला घाटी में भीषण सड़क हादसा, पांच युवकों की मौत

बालोद। जिले में नेशनल हाईवे-30 पर मरकाटोला घाटी के पास शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। हादसा डीजे से लदी पिकअप और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर के बाद हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक सड़क पर पलट गया।

जानकारी के अनुसार, मरकाटोला घाटी के पास डीजे से लदी पिकअप खड़ी थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। पिकअप में करीब 10 युवक सवार बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन युवकों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पांच अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

सूचना मिलने पर पुरुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य के साथ दुर्घटना की जांच शुरू की। हादसे के कारण कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।

एडिशनल एसपी चन्द्रकान्त गवर्ना ने हादसे में पांच लोगों की मौत और पांच के घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार हादसे की वजह सामने आ रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

मरकाटोला घाटी फिर सवालों के घेरे में

नेशनल हाईवे-30 की मरकाटोला घाटी में पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। अगस्त में इसी मार्ग पर मुंबई की 24 वर्षीय बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। लगातार हो रहे हादसों के बाद मरकाटोला घाटी में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।