अधिवक्ता बलबीर कौर चौहान के निधन पर शांति मार्च, हाईटेक अस्पताल के खिलाफ जताया आक्रोश

मॉल चौक से निकला मार्च, निष्पक्ष जांच कमेटी गठित करने और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग; न्याय की मांग को लेकर अधिवक्ताओं और परिजनों ने उठाई आवाज

अधिवक्ता बलबीर कौर चौहान के निधन पर शांति मार्च, हाईटेक अस्पताल के खिलाफ जताया आक्रोश

भिलाई। जूनवानी स्थित हाईटेक अस्पताल में उपचार के दौरान महिला अधिवक्ता स्व. बलबीर कौर चौहान के निधन का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में अस्पताल प्रबंधन की कार्यप्रणाली के खिलाफ हिन्दू युवा मंच ने श्रद्धांजलि एवं शांति मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। नेहरू नगर स्थित मॉल चौक से निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मंच के पदाधिकारियों ने शामिल होकर दिवंगत अधिवक्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

हरि नगर, दुर्ग निवासी अधिवक्ता बलबीर कौर चौहान ऑपरेशन के लिए हाईटेक अस्पताल में भर्ती हुई थीं। उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। परिजनों और अधिवक्ताओं का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन ने मृत्यु के कारणों को स्पष्ट नहीं किया और परिजनों को वास्तविक स्थिति की जानकारी देने में भी पारदर्शिता नहीं बरती। इस संबंध में स्मृति नगर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई गई है।

निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

हिन्दू युवा मंच ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के लिए विशेष जांच कमेटी गठित की जाए। उपचार के दौरान यदि किसी भी स्तर पर चिकित्सकीय लापरवाही या अन्य अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। मंच का कहना है कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जवाबदेही तय होनी चाहिए।

प्रदेश पदाधिकारियों के नेतृत्व में निकला मार्च

श्रद्धांजलि एवं शांति मार्च हिन्दू युवा मंच के प्रदेश संयोजक गोविंद राज नायडू की अगुवाई में निकाला गया। प्रदेश महामंत्री राजेश शर्मा एवं प्रदेश अध्यक्ष कुमार नायर के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में भिलाई जिला अध्यक्ष कमल रणदिवे और वैशाली नगर अध्यक्ष अजय यादव की भी प्रमुख भूमिका रही।

हिन्दू युवा मंच के जिला प्रचार प्रमुख प्रिंस तिवारी ने बताया कि मार्च में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय और दुर्ग जिला न्यायालय के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ मृतका के पति एवं शोकाकुल परिजन भी शामिल हुए। इसके अलावा मंच की महिला इकाई 'आदि शक्ति' की कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बड़ी संख्या में अधिवक्ता और कार्यकर्ता हुए शामिल

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सुरेंद्र जैन, अमिताभ वर्मा, राजा देवांगन, जय देवांगन, सोमेश दास, दीपक चंद्राकर, विक्रम कंडा, सुरेश साहू, सोनू मानिकपुरी, तामेश साहू, आशु चौबे, समीर राव, पंकज भारती, सुमित भारती, लखन कुर्रे, अजय ठाकुर, वीरेंद्र सिंह राजपूत, अमित पुरोहित, रवि बघेल, सावन श्रीवास्तव, अंकित दुबे, अर्पित बरनवाल, गजेंद्र साहू, गोपाल यादव, नीरज देवांगन, राहुल जैन, राहुल सोनकर, विमल राज पुरोहित, विश्वमूर्ति तिवारी, कृष्णा चौहान, भूपेंद्र वर्मा, विक्की साहू, संजय सिंह सेंगर, संतोष मिश्रा, सुरेंद्र राजपूत, सुमित निर्मलकर, सोनू शर्मा, हरि जगबेड़ा, रोहन मून, रुद्र मिश्रा, सोनू साव, यश गुप्ता, राज गुप्ता एवं अजय यादव सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मार्च के माध्यम से हिन्दू युवा मंच ने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।