जेल से रिहाई के कुछ दिन बाद पूर्व कांग्रेस नेता ने उठाया आत्मघाती कदम, गौठान परिसर में फंदे से लटका मिला शव

कांकेर। जिले में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब शहर के संजय नगर स्थित गौठान परिसर में पूर्व कांग्रेस नेता नवाज अली का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, नवाज अली हाल ही में जेल से रिहा होकर बाहर आया था। कुछ महीने पहले कोदागांव क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में उस पर पंचायत सचिव को कार से टक्कर मारने का आरोप लगा था। हादसे में गंभीर रूप से घायल पंचायत सचिव को अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने नवाज अली के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेज दिया था।

बताया जा रहा है कि जेल से रिहा होने के बाद नवाज अली मानसिक तनाव में था। मंगलवार सुबह उसका शव गौठान परिसर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। हालांकि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
