14 साल से लापता बालिका ग्रेटर नोएडा से मिली, नाम और पहचान बदलने के बावजूद पुलिस ने खोज निकाला
वर्ष 2012 में घर से निकली थी 14 वर्षीय बालिका, NATGRID, सोशल मीडिया और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से भखारा पुलिस को मिली सफलता

धमतरी। 14 साल पहले घर से लापता हुई बालिका को धमतरी पुलिस ने ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश से सकुशल खोज निकाला है। वर्ष 2012 में महज 14 साल की उम्र में घर से निकली बालिका समय के साथ अपना नाम और पहचान बदलकर दूसरे क्षेत्र में रहने लगी थी। लंबे समय से लंबित गुमशुदगी के मामले में तकनीकी साक्ष्य, सोशल मीडिया और अन्य संसाधनों की मदद से पुलिस को सफलता मिली। अब महिला की उम्र करीब 28 वर्ष है।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुराने गुमशुदगी और अपहृता संबंधी मामलों के निराकरण के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत थाना भखारा पुलिस ने 14 साल पुराने मामले का निराकरण किया। पुलिस के अनुसार, थाना भखारा क्षेत्र के ग्राम सिलिडीह निवासी 14 वर्षीय बालिका 27 अक्टूबर 2012 को दोपहर करीब 1 बजे घर से मट्ठा लेने जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इस मामले में थाना भखारा में अपराध क्रमांक 62/2013, धारा 363 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। समय बीतने के साथ बालिका द्वारा नाम और पहचान बदल लिए जाने के कारण उसकी तलाश पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण बनी हुई थी।
NATGRID और सोशल मीडिया से मिला सुराग
लंबे समय से लंबित मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने पतासाजी के निर्देश दिए थे। थाना भखारा पुलिस ने फेसबुक, इंस्टाग्राम, NATGRID सहित उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए तलाश जारी रखी। तकनीकी विश्लेषण और सीडीआर/सीएएफ से प्राप्त जानकारियों के आधार पर पुलिस को पता चला कि लापता बालिका अब पहचान बदलकर सेक्टर डेल्टा-III, थाना देवला, ग्रेटर नोएडा में रह रही है। सुराग मिलने के बाद पुलिस टीम ग्रेटर नोएडा रवाना हुई और स्थानीय स्तर पर पतासाजी एवं आवश्यक कार्रवाई करते हुए 23 नवंबर 2026 को महिला को सकुशल दस्तयाब कर धमतरी लाया गया।
महिला ने मां के पास जाने और बाद में विवाह करने की बात बताई
धमतरी लाए जाने के बाद महिला से पूछताछ की गई। न्यायालय प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, कुरुद के समक्ष धारा 183 बीएनएसएस के तहत दर्ज बयान में उसने बताया कि वर्ष 2012 में वह अपनी मां के पास चली गई थी। इसके बाद आगरा और दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में रहकर रोजी-मजदूरी करने लगी। बालिग होने के बाद वर्ष 2018 में उसने विवाह कर लिया। महिला ने अपने साथ किसी प्रकार की जबरदस्ती अथवा अपराध घटित होने से इनकार किया है।