संदिग्ध शराब से हड़कंप, 9 की मौत, कई गंभीर

संदिग्ध शराब से हड़कंप, 9 की मौत, कई गंभीर

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के बंडा क्षेत्र में संदिग्ध शराब के सेवन के बाद ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। घूघरा, जालमपुर और बराज समेत आसपास के गांवों में कई लोगों के अचानक बीमार पड़ने की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गईं।

बीमार ग्रामीणों को उपचार के लिए पहले सिविल अस्पताल बंडा पहुंचाया गया। गंभीर हालत वाले मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए जिला अस्पताल सागर रेफर किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 25 से अधिक मरीजों को सागर भेजा गया है।

रात से प्रभावित क्षेत्र में मेडिकल टीम तैनात

घटना की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम प्रभावित क्षेत्र में तैनात कर दी गई है। अधिकारियों की निगरानी में बीमार लोगों की जांच और उपचार किया जा रहा है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि शराब सेवन के बाद किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने या असामान्य लक्षण दिखाई देने पर उसे घर पर रखने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचाएं।

पुलिस और आबकारी विभाग ने शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और आबकारी विभाग की टीमें भी जांच में जुट गई हैं। संदिग्ध शराब कहां से आई और इसके सेवन से ग्रामीणों की तबीयत क्यों बिगड़ी, इसकी पड़ताल की जा रही है।

फिलहाल ग्रामीणों की बीमारी और मौतों को संदिग्ध शराब के सेवन से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन मौतों की वास्तविक वजह मेडिकल जांच और आधिकारिक जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।