स्पेन ने जीता फीफा विश्व कप 2026, फाइनल में अर्जेंटीना को 1-0 से हराया

स्पेन ने जीता फीफा विश्व कप 2026, फाइनल में अर्जेंटीना को 1-0 से हराया

न्यू जर्सी। फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने गत चैंपियन अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। बेहद रोमांचक और कड़े मुकाबले में निर्धारित 90 मिनट तक दोनों टीमों के बीच कोई गोल नहीं हुआ, जिसके बाद मैच अतिरिक्त समय में पहुंचा। वहीं 106वें मिनट में स्पेन के स्टार खिलाड़ी फेरान टोरेस ने निर्णायक गोल दागकर अपनी टीम को ऐतिहासिक जीत दिला दी। 

न्यू जर्सी के मेटलाइफ स्टेडियम में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में स्पेन ने शुरुआत से ही गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और कई हमले किए, लेकिन अर्जेंटीना की मजबूत रक्षा पंक्ति ने उन्हें लगातार रोके रखा। हालांकि अतिरिक्त समय में फेरान टोरेस ने मौका मिलते ही गोल कर स्पेन को बढ़त दिला दी, जिसे अर्जेंटीना अंत तक बराबर नहीं कर सका। 

लियोनेल मेसी की अगुवाई वाली अर्जेंटीना टीम लगातार दूसरा विश्व कप जीतने के इरादे से मैदान में उतरी थी, लेकिन स्पेन की अनुशासित और आक्रामक रणनीति के आगे उसकी एक नहीं चली। खास बात यह रही कि अर्जेंटीना पूरे मैच में कोई प्रभावी आक्रमण नहीं कर सकी और गोल करने में नाकाम रही। 

इस जीत के साथ स्पेन ने 16 वर्षों बाद फिर से विश्व फुटबॉल के शिखर पर कब्जा जमाया। इससे पहले स्पेन ने 2010 में अपना पहला विश्व कप खिताब जीता था। वहीं 2026 का यह खिताब स्पेन के सुनहरे दौर की नई शुरुआत माना जा रहा है।