शराब लदा ट्रक पलटा, ग्रामीणों ने मचाई शराब की लूट, महिला-बच्चे समेत ग्रामीण सड़क पर बिखरी बोतलें समेटने टूट पड़े

शराब लदा ट्रक पलटा, ग्रामीणों ने मचाई शराब की लूट, महिला-बच्चे समेत ग्रामीण सड़क पर बिखरी बोतलें समेटने टूट पड़े

अररिया। रानीगंज थाना क्षेत्र के खरहट टोल टैक्स के पास शराब से लदा एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सड़क पर बिखरी शराब की बोतलें उठाकर ले जाने लगे।

बताया जा रहा है कि ग्रामीणों में शराब की बोतलें लूटने की होड़ मच गई। महिला और बच्चे भी सड़क पर बिखरी बोतलें समेटते नजर आए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद रानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शराब लदे दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल से शराब को सुरक्षित करने की कार्रवाई शुरू की।

SDPO सुशील कुमार ने कहा कि घटनास्थल के वीडियो फुटेज की जांच की जाएगी। वीडियो में शराब की बोतलें उठाकर ले जाते दिखाई देने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।