सेंसेक्स 700 अंक तक लुढ़का, निफ्टी 23 हजार के नीचे; बाजार में बढ़ी अस्थिरता

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार ने सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को कमजोर शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में बिकवाली का दबाव बढ़ने से सेंसेक्स 700 अंक से अधिक नीचे चला गया, जबकि निफ्टी 50, 23,000 के स्तर के नीचे फिसल गया। बाजार में बढ़ती अस्थिरता का संकेत इंडिया VIX में करीब 6 प्रतिशत की तेजी से भी मिला।
शुक्रवार को बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ था। निफ्टी 50 77.40 अंक यानी 0.34 प्रतिशत चढ़कर 23,140.50 पर, जबकि सेंसेक्स 315.20 अंक यानी 0.43 प्रतिशत बढ़कर 73,895.74 के स्तर पर बंद हुआ था।
सोमवार को बाजार खुलने के बाद तस्वीर बदल गई। सुबह 9:16 बजे सेंसेक्स 599.92 अंक यानी 0.81 प्रतिशत गिरकर 73,295.82 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 172.75 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की गिरावट के साथ 22,967.75 पर पहुंच गया। कारोबार आगे बढ़ने के साथ सेंसेक्स की गिरावट 700 अंकों से अधिक हो गई।
बाजार में हालिया कमजोरी के पीछे कई कारक एक साथ काम कर रहे हैं। भूराजनीतिक अनिश्चितता, शेयरों का ऊंचा वैल्यूएशन, विदेशी निवेशकों की बिकवाली, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें और कंपनियों की कमाई की धीमी रफ्तार निवेशकों की धारणा पर दबाव डाल रही हैं।
