टीएमसी को बड़ा झटका! साइबर सेल ने फ्रीज किए 3 बैंक खाते, 440 करोड़ रुपये के लेनदेन पर रोक
बागी विधायकों की शिकायत के बाद कार्रवाई, पार्टी के वित्तीय संचालन पर लगा ब्रेक

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) को आंतरिक कलह के बीच बड़ा झटका लगा है। बागी विधायकों की शिकायत पर राज्य पुलिस की साइबर सेल ने पार्टी के तीन प्रमुख बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। बताया जा रहा है कि इन खातों में जमा करीब 440 करोड़ रुपये के लेनदेन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

जानकारी के अनुसार, पार्टी के भीतर लंबे समय से चल रहे असंतोष और गुटबाजी के बीच यह कार्रवाई की गई है। साइबर सेल द्वारा जारी पत्र के बाद संबंधित खातों से किसी भी प्रकार का वित्तीय लेनदेन नहीं किया जा सकेगा। इससे पार्टी की आर्थिक गतिविधियों और संगठनात्मक कामकाज पर सीधा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। बताया गया है कि विधाननगर दक्षिण थाने में तृणमूल कांग्रेस के बागी खेमे से जुड़े 10 विधायकों ने पार्टी के शीर्ष प्रबंधन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर जांच शुरू हुई और बाद में खातों को फ्रीज करने की कार्रवाई की गई।

बागी नेताओं का आरोप है कि पार्टी खातों में जमा भारी राशि के स्रोतों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका दावा है कि फंड के संग्रहण और उपयोग में गंभीर अनियमितताओं की आशंका है। वहीं, पार्टी के भीतर दूसरे गुट ने भी वित्तीय मामलों में पारदर्शिता की मांग उठाई है। इस घटनाक्रम को तृणमूल कांग्रेस के लिए बड़ा राजनीतिक और वित्तीय संकट माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यदि विवाद और जांच आगे बढ़ती है तो इसका असर पार्टी की संगठनात्मक मजबूती और राजनीतिक रणनीति पर भी पड़ सकता है।
