चाकू की नोक पर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

चाकू की नोक पर लूट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी। मगरलोड क्षेत्र में राहगीर और माइक्रो फाइनेंस कर्मचारी से चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का धमतरी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत बालकों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की संलिप्तता दो अलग-अलग लूट की घटनाओं में सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, 10 सितंबर की शाम ग्राम टेंको निवासी पवन कुमार साहू अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से सिंगपुर से लौट रहे थे। चारभाठा और सेन्दूभाठा के बीच मोटरसाइकिल सवार युवकों ने उनका पीछा कर रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट करने के बाद चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और पवन की जेब से 10,100 रुपये नगद, दो मोबाइल फोन तथा जरूरी दस्तावेज लूट लिए। लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 22,100 रुपये बताई गई है।

रिपोर्ट के बाद मगरलोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 167/2026 के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी, गवाहों से मिली जानकारी, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद चारभाठा और मड़ेली क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा गया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई नगदी, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, वीवो मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान बरामद किया।

माइक्रो फाइनेंस कर्मचारी से भी लूट

जांच के दौरान पुलिस को 11 सितंबर को हुई एक अन्य लूट की घटना में भी आरोपियों की संलिप्तता के साक्ष्य मिले। स्वतंत्र माइक्रो फाइनेंस कंपनी में काम करने वाला राजकुमार तीरधारी वसूली के सिलसिले में ग्राम मड़ेली गया था। करीब 11 बजे वाहन खड़ा कर मोबाइल पर बात करते समय सुनील ध्रुव, नीतीश ध्रुव और एक विधि से संघर्षरत बालक वहां पहुंचे।

आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद उसकी जेब से 1,500 रुपये, बैग और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। इस मामले में भी पुलिस ने अपराध क्रमांक 168/2026 के तहत मामला दर्ज किया था।

दो वयस्क गिरफ्तार, दो बालक संरक्षण में

पुलिस ने दोनों मामलों में सुनील कुमार ध्रुव, उम्र 20 वर्ष, निवासी मड़ेली और सुरेन्द्र कुमार ध्रुव, उम्र 27 वर्ष, निवासी चारभाठा को गिरफ्तार किया है। सुनील दोनों प्रकरणों में आरोपी बताया गया है, जबकि सुरेन्द्र की संलिप्तता पहले मामले में सामने आई है। दूसरे प्रकरण में नीतीश ध्रुव की भूमिका भी सामने आई है। दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस ने दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं बालकों के संबंध में किशोर न्याय बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की गई है। मामले में शामिल अन्य आरोपी के संबंध में विवेचना और वैधानिक कार्रवाई जारी है।