वाहन खड़ा करने से मना किया तो घर में घुसकर किया हमला, धारदार हथियार से वार करने वाले दो फरार आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। वाहन खड़ा करने से मना करने की बात पर हुए विवाद में घर में घुसकर मारपीट और धारदार हथियार से हमला करने के मामले में सुपेला पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित साव (23) और उमेश साव (48) के रूप में हुई है। इस मामले में मुख्य आरोपी सन्नी साव को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 26 अगस्त 2026 की सुबह करीब 9 बजे की है। कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी निवासी दिलीप कुमार ने आरोपी सन्नी साव को वाहन खड़ा करने से मना किया था। इसी बात से नाराज होकर सन्नी साव अपने भाई अमित साव और उमेश साव के साथ राजेश कुमार के घर में घुस गया। आरोपियों ने घर में मौजूद राजेश कुमार, उसकी बहन रीता देवी और बेटी पुष्पा कुमारी के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने हाथ-मुक्के और डंडे से हमला किया, जबकि मुख्य आरोपी सन्नी साव ने बटनदार धारदार हथियार से वार कर चोट पहुंचाई। आरोपियों ने पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी थी। घटना की रिपोर्ट पर सुपेला थाने में अपराध क्रमांक 1248/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने पहले सन्नी साव को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बटनदार धारदार हथियार जब्त किया था। वहीं, मामले में फरार चल रहे अमित साव और उमेश साव की लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना का स्थान: पांच रास्ता, शेषनाग मंदिर के पास, वार्ड क्रमांक 17, कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी, भिलाई।
आरोपी का नाम
- अमित साव, उम्र 23 वर्ष, निवासी पांच रास्ता, शेषनाग मंदिर के पास, वार्ड क्रमांक 17, कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी, भिलाई, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।
- उमेश साव, उम्र 48 वर्ष, निवासी पांच रास्ता, शेषनाग मंदिर के पास, वार्ड क्रमांक 17, कॉन्ट्रेक्टर कॉलोनी, भिलाई, थाना सुपेला, जिला दुर्ग।