चार साल से फरार हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार, धनोरा पुलिस ने दबोचा

टेकानार हत्याकांड में 2022 से फरार थे आरोपी, लगातार पतासाजी के बाद पुलिस के हाथ लगे तीनों

चार साल से फरार हत्या के तीन आरोपी गिरफ्तार, धनोरा पुलिस ने दबोचा

नारायणपुर। जिले के धनोरा थाना पुलिस ने पुराने हत्याकांड में करीब चार साल से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लंबे समय से फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी करते हुए 6 अक्टूबर 2026 को तीनों को गिरफ्तार किया। आरोपियों को 7 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम टेकानार में वर्ष 2022 में हुई हत्या के मामले में थाना धनोरा में अपराध क्रमांक 05/2022 के तहत धारा 302, 34 भादवि में प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के बाद मामले में संलिप्त तीन आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार हो गए थे। धनोरा पुलिस द्वारा आरोपियों के संभावित ठिकानों की लगातार निगरानी और पतासाजी की जा रही थी। करीब चार साल तक चले प्रयासों के बाद पुलिस ने 6 अक्टूबर को तीनों फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मनी पोयाम उर्फ कोइड़ा दण्डामी (27), सीता राम उसेंडी (22) और सुखराम उसेंडी (41) शामिल हैं। तीनों आरोपी ग्राम टेकानार, थाना धनोरा, जिला नारायणपुर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद 7 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्या चंद्राकर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी छोटे डोंगर मनोज मंडावी और थाना प्रभारी धनोरा सत्यवान सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने कहा है कि गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार आरोपियों की पतासाजी और गिरफ्तारी की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।