जेल की सुरक्षा में बड़ी सेंध, कंबलों की रस्सी बनाकर चार कैदी फरार

सोमवार तड़के 4 बजे दिया वारदात को अंजाम, भागने की कोशिश में पांचवां बंदी दीवार से गिरा; तीन गांजा तस्करी और एक चोरी के मामले में था बंद

जेल की सुरक्षा में बड़ी सेंध, कंबलों की रस्सी बनाकर चार कैदी फरार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिला जेल में सोमवार तड़के सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाली घटना सामने आई। जेल में बंद चार विचाराधीन बंदी कंबलों को आपस में बांधकर रस्सी बनाने के बाद जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए। घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। वहीं, उनके साथ भागने की कोशिश कर रहा पांचवां बंदी दीवार से नीचे गिर गया, जिससे उसका प्रयास विफल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस और जेल प्रशासन ने फरार बंदियों की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार तड़के पांच बंदियों ने जेल से भागने की योजना बनाई। इसके लिए उन्होंने कंबलों को आपस में बांधकर रस्सी तैयार की और उसके सहारे जेल की दीवार पार करने लगे। इस दौरान चार बंदी दीवार के दूसरी ओर पहुंचने में सफल रहे, जबकि पांचवां बंदी नीचे गिर गया और जेल से बाहर नहीं निकल सका।

तीन गांजा तस्करी और एक चोरी के मामले में बंद

फरार हुए चारों बंदी अलग-अलग आपराधिक मामलों में विचाराधीन थे। इनमें तीन बंदी गांजा तस्करी के मामलों में निरुद्ध थे, जबकि एक बंदी चोरी के आरोप में जेल में बंद था। जानकारी के मुताबिक, फरार बंदियों में दो मध्यप्रदेश के जबलपुर निवासी हैं। वहीं एक राजस्थान और दूसरा महासमुंद जिले का रहने वाला बताया गया है।

पुलिस और जेल प्रशासन तलाश में जुटा

चार बंदियों के फरार होने के बाद जेल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उनकी तलाश के लिए कार्रवाई शुरू की गई। अलग-अलग राज्यों से जुड़े बंदियों के फरार होने के कारण उनकी संभावित आवाजाही और ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। बंदियों ने सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर जेल की दीवार कैसे पार की और इस दौरान सुरक्षा में कहां चूक हुई, इसकी जांच की जा रही है।