काजीरंगा में मौत का तांडव, मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत, 23 लोगों की मौत की खबर
हादसे में ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं, बस काटकर निकाले गए शव, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह; वाहन के 12 चालान कटने की भी जानकारी।


असम। असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि मिनी बस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 23 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। मृतकों में ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं। हालांकि, शुरुआती मीडिया रिपोर्टों में मृतकों की संख्या को लेकर अलग-अलग आंकड़े सामने आए हैं।
टक्कर के बाद बस के उड़े परखच्चे, अंदर फंसे यात्री
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के मुताबिक, मिनी बस और कंटेनर ट्रक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री बस के अंदर बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव टीम ने बस के हिस्सों को काटकर अंदर फंसे यात्रियों और शवों को बाहर निकाला।
बोकाखाट से नगांव जा रही थी मिनी बस
गोलाघाट के एसएसपी स्वप्निल डेका ने PTI को बताया कि मिनी बस बोकाखाट से नगांव की ओर जा रही थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि बस तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई।
गाड़ी के कट चुके थे 12 चालान!
इस हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन के पुराने ट्रैफिक रिकॉर्ड को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, वाहन के खिलाफ पहले 12 चालान जारी किए जा चुके थे। इनमें से 38,500 रुपये का जुर्माना जमा किया गया था, जबकि 4,000 रुपये का एक चालान अब भी बकाया बताया जा रहा है। कमर्शियल वाहन की ओवरस्पीडिंग से जुड़े चालान की जानकारी भी सामने आई है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे में घायल यात्रियों को तत्काल कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। फिलहाल घायलों के उपचार और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।