कटघोरा-बांकी मार्ग पर मौत बनकर दौड़ी स्कॉर्पियो, पेड़ से टकराकर 50 मीटर दूर पलटी कार, 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

भीषण हादसे में रूपेश पटेल ने मौके पर तोड़ा दम, साथी आर्यन गोंड गंभीर रूप से घायल; तेज रफ्तार के चलते हुआ हादसा

कटघोरा-बांकी मार्ग पर मौत बनकर दौड़ी स्कॉर्पियो, पेड़ से टकराकर 50 मीटर दूर पलटी कार, 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत

कोरबा। जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है। कटघोरा-बांकी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार से दौड़ रही स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन उछलकर करीब 50 मीटर दूर जा पलटा। इस दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह स्कॉर्पियो कटघोरा-बांकी मुख्य मार्ग से तेज रफ्तार में गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर के बाद वाहन कई मीटर दूर जाकर पलट गया। हादसे में स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस भीषण दुर्घटना में 18 वर्षीय रूपेश पटेल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके साथ मौजूद आर्यन गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया।

सुबह-सुबह हुए जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। हादसे की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से घायल युवक आर्यन गोंड को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, मृतक रूपेश पटेल के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।