हैवानियत की हद पार, पत्नी की हत्या कर सिर लेकर गांव में घूमता रहा पति
चरित्र शंका में खून से सना सनक, बच्चों के सामने हुई वारदात से गांव में दहशत

कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया। घरेलू विवाद और शक ने मिलकर एक पति को इतना दरिंदा बना दिया कि उसने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर उसका कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा। मामला ग्राम बुंदेली का है, जहां आरोपी सालिक राम यादव ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आरोपी ने पत्नी की हत्या कर दी और फिर हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। घटना यहीं खत्म नहीं हुई। हत्या के बाद आरोपी कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा। इस दौरान जिसे भी यह नजारा दिखा, वह सन्न रह गया। देखते ही देखते पूरे गांव में अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस घटना के वक्त घर में बच्चे भी मौजूद थे। ऐसे में इस वारदात का असर और गहरा माना जा रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी पास के एक पोल्ट्री फार्म में काम करता था और वहीं अपने परिवार के साथ रहता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।


