बिना अनुमति प्रार्थना सभा पर पुलिस की कार्रवाई, 2 महिलाओं समेत 6 गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभा के दौरान हुए हंगामे से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी।

जानकारी के मुताबिक ग्राम खरौद तिवारी में रमाशंकर साहू ने कुछ लोगों को एकत्र कर बिना अनुमति प्रार्थना सभा का आयोजन किया था। इसकी जानकारी मिलने पर मोहल्ले के लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद वहां मौजूद कुछ महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। इससे गांव में विवाद और अशांति का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों को कई बार समझाइश दी कि वे सभा बंद कर दें और विवाद को बढ़ने न दें। लेकिन आरोपियों ने पुलिस की बात नहीं मानी और हंगामा जारी रखा।

स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रमाशंकर साहू (47), येनिवेश साहू (21), किशन यादव (23), मोतीलाल रात्रे (35) और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार की सभा आयोजित करना कानून का उल्लंघन है और इससे क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
