फोम फैक्ट्री जगदम्बा इंडस्ट्रीज में भीषण आग, करोड़ों का नुकसान
17 टैंकर पानी से बुझाई गई आग, चार दमकल टीमों के साथ ACC और BSP की फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा


भिलाई। दीपावली से पहले दुर्ग के छावनी चौक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक फोम मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। गदा फोम निर्माण करने वाली जगदम्बा इंडस्ट्रीज में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा आ गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में कई करोड़ रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:40 बजे की है। फैक्ट्री संचालक श्री ओमप्रकाश शर्मा की इकाई में अचानक आग लगने की सूचना अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की चार दमकल टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने देखा कि आग पूरी फैक्ट्री में फैल चुकी थी। फोम जैसे अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ की मौजूदगी के कारण आग बुझाना चुनौतीपूर्ण था। अग्निशमन कर्मियों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से मोर्चा संभाला और लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। आग बुझाने में करीब 17 गाड़ी पानी का इस्तेमाल करना पड़ा।
आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने से रोकी आग
आग की भयावहता को देखते हुए एसीसी सीमेंट अग्निशमन दल और भिलाई इस्पात संयंत्र की अग्निशमन टीम को भी सहायता के लिए बुलाया गया। सभी टीमों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभालते हुए घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों की तत्परता से आग को आसपास की फैक्ट्रियों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में चला रेस्क्यू ऑपरेशन
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी दिनेश कुमार राउटे के नेतृत्व में पूरा अग्निशमन अभियान संचालित किया गया। अभियान में अग्निशमन सहायक प्रभारी एफ. प्रवीण बारा, संतोष पांडेय, दल प्रभारी महेंद्र चंदेल, घनश्याम यादव, शरद मेश्राम सहित अग्निशमन कर्मचारी और एसडीआरएफ के जवान शामिल रहे। फिलहाल फैक्ट्री में आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है।