15 हजार रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, जमीन बंटवारे के नाम पर मांग रहा था घूस

15 हजार रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार, जमीन बंटवारे के नाम पर मांग रहा था घूस

बेमेतरा जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को 15 हजार रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पटवारी जमीन के बंटवारे और ऋण पुस्तिका बनाने के बदले रिश्वत मांग रहा था।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम बोड़ निवासी नरोत्तम साहू ने ACB रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ग्राम बोड़, तहसील साजा में पदस्थ पटवारी ओमकार सोनवानी जमीन का बंटवारा और खाता विभाजन करने के एवज में 25 हजार रुपए की मांग कर रहा है। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने ACB से मदद मांगी।

शिकायत मिलने के बाद ACB टीम ने मामले की गोपनीय जांच की। जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इस दौरान रकम को लेकर बातचीत हुई और आरोपी पटवारी 25 हजार की जगह 15 हजार रुपए लेने पर राजी हो गया।

इसके बाद ACB ने ट्रैप की पूरी योजना बनाई। शिकायतकर्ता को कैमिकल लगे नोट दिए गए और टीम को आसपास तैनात कर दिया गया। तय योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता पटवारी के पास पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम हाथ में ली, ACB टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपी के हाथ धुलवाए गए, जिसमें कैमिकल का रंग बदल गया। इससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई। मौके से 15 हजार रुपए भी बरामद किए गए।

ACB अधिकारियों ने आरोपी पटवारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।