दुर्ग में महिलाओं से लूट की दो घटनाओं का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार और दो नाबालिग बालक पकड़े गए

दुर्ग में महिलाओं से लूट की दो घटनाओं का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार और दो नाबालिग बालक पकड़े गए

दुर्ग। शहर में महिलाओं से लूट की दो अलग-अलग घटनाओं का दुर्ग पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक वयस्क आरोपी और दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर लूटी गई नगदी, वनप्लस मोबाइल फोन, आधार कार्ड और पर्स बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर 2026 को सिटी कोतवाली दुर्ग क्षेत्र में महिलाओं से लूट की दो घटनाएं हुई थीं। पहली घटना में दिगंबर जैन मंदिर के पास एक महिला का पर्स लूट लिया गया था। पर्स में वनप्लस कंपनी का मोबाइल फोन, नगदी रकम और आधार कार्ड रखा हुआ था।

दूसरी घटना में सनीचरी बाजार से सब्जी बेचकर घर लौट रही महिला से सब्जी बिक्री की रकम 6 हजार रुपये लूट ली गई थी। दोनों घटनाओं की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 709/2026 एवं 711/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। फुटेज में दिखाई दिए वाहन एवं संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने दोनों घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने एक वयस्क आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दो अपचारी बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।

लूटी गई संपत्ति बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर लूटी गई नगदी रकम, वनप्लस मोबाइल फोन, आधार कार्ड और पर्स बरामद कर जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनमोल सिंह उर्फ काली, उम्र 18 वर्ष 2 माह, निवासी शंकर नगर, दुर्ग के रूप में हुई है। उसके साथ दो विधि से संघर्षरत बालक भी मामले में शामिल पाए गए।

महिलाओं से लूट की घटनाओं पर पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं से सार्वजनिक स्थानों पर पर्स, मोबाइल फोन और नगदी की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा आपराधिक घटना की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या डायल 112 पर देने कहा गया है।