34 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शरीर पर चोट के निशान; पति से पूछताछ

34 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, शरीर पर चोट के निशान; पति से पूछताछ

धमतरी। जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बाहनापथरा (कोटाभर्रीडीह) में 34 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला के शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट के निशान मिलने की जानकारी के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मर्ग कायम किया है। मामले में महिला के पति पर प्रथम दृष्टया संदेह होने के चलते उससे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम कोटाभर्रीडीह निवासी सत्यवान ध्रुव (58) ने बताया कि 25 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे वे भोजन के बाद घर में सो रहे थे। इसी दौरान ग्राम बाहनापथरा निवासी राजकुमार कमार उनके घर पहुंचा और आवाज देकर उन्हें उठाया। राजकुमार कमार ने बताया कि वह शाम करीब 7 बजे स्टॉप डैम में मछली पकड़ने के लिए लगाए गए जाल को देखने गया था। रात करीब 8 बजे घर लौटने पर उसकी पत्नी सत्याबाई कमार (34) घर की परछी में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। महिला के माथे, ठुड्डी, पैर और भुजा में चोट के निशान थे। कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सत्यवान ध्रुव राजकुमार कमार के घर पहुंचे, जहां महिला का शव कंबल से ढका हुआ मिला। शव देखने पर शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट के निशान दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रार्थी सत्यवान ध्रुव एवं ग्राम कोटवार हीरासिंह नेताम की उपस्थिति में वैधानिक कार्रवाई करते हुए धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम किया गया। शव पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस मृत्यु से जुड़ी परिस्थितियों, घटनाक्रम और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। अभी तक की जांच में मृतिका की मौत के संबंध में प्रथम दृष्टया उसके पति पर संदेह जताया गया है, जिसके चलते उससे पूछताछ की जा रही है। लिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।