न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, विधि विद्यार्थियों और पैरालीगल वॉलेंटियर्स ने संविधान के मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई

न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, विधि विद्यार्थियों और पैरालीगल वॉलेंटियर्स ने संविधान के मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई

दुर्ग। संविधान दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के तत्वावधान में जिले के विभिन्न न्यायालयों, विधि महाविद्यालयों और अन्य स्थानों पर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन तथा विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय, दुर्ग में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष के. विनोद कुजूर तथा प्राधिकरण के सचिव उमेश कुमार भागवतकर की विशेष उपस्थिति में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। इस दौरान न्यायाधीशों और युवा अधिवक्ताओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। युवा अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी ने संविधान के प्रति आस्था, विधि के शासन और न्यायिक व्यवस्था के मूल्यों के प्रति सम्मान का संदेश दिया। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग में स्थायी एवं निरंतर लोक अदालत की अध्यक्ष श्रीमती सुषमा लकड़ा की विशेष उपस्थिति में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भूपेश कुमार बसंत के न्यायालय सहित जिले के अन्य न्यायालयों में भी संविधान की प्रस्तावना पढ़ी गई। किशोर न्याय बोर्ड में श्रीमती कामिनी जायसवाल की विशेष उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिले के भिलाई-3, पाटन और धमधा स्थित न्यायालयों में भी न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालयीन सदस्यों ने संविधान दिवस कार्यक्रमों में भाग लिया। सभी आयोजनों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता और प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

विधि विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों की जानकारी

संविधान दिवस पर सुराना लॉ कॉलेज और कल्याण लॉ कॉलेज में भी विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। न्यायाधीशों ने विधि विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की महत्ता, प्रस्तावना में उल्लेखित आदर्शों और न्याय व्यवस्था में संविधान की सर्वोच्चता के महत्व से अवगत कराया। विद्यार्थियों को बताया गया कि विधि का अध्ययन केवल कानूनी प्रावधानों तक सीमित नहीं है, बल्कि संवैधानिक नैतिकता, न्यायप्रियता और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपने व्यवहार में अपनाना भी जरूरी है।

पैरालीगल वॉलेंटियर्स ने आम लोगों तक पहुंचाया संदेश

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग के पैरालीगल वॉलेंटियर्स ने भी जिले के विभिन्न स्थानों पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को संविधान के मूल आदर्शों, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों और निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता के बारे में जानकारी दी गई।

संवैधानिक आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश

कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल प्रस्तावना का औपचारिक वाचन नहीं, बल्कि संविधान के मूल भाव को न्यायिक संस्थाओं, विधि समुदाय, भावी विधि विशेषज्ञों और आम नागरिकों के दैनिक जीवन में स्थापित करना रहा। आयोजनों के माध्यम से न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों को अपनाकर सशक्त, समावेशी और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।