जिला अस्पताल में मारपीट, कर्मचारी की मौत; सरपंच गिरफ्तार

जिला अस्पताल में मारपीट, कर्मचारी की मौत; सरपंच गिरफ्तार

कोरबा। जिला अस्पताल में एक कर्मचारी के साथ मारपीट का मामला उसकी मौत के बाद गंभीर हो गया है। पुलिस ने आरोपी सरपंच को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना 30 मार्च 2026 की है, जब एक युवक की कुएं में गिरने से मौत के बाद उसका शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मर्चुरी में लाया गया था। इसी दौरान पोस्टमार्टम जल्द कराने को लेकर विवाद शुरू हो गया।

बताया जा रहा है कि बेंदरकोना निवासी सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर भी मृतक के परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचा था। इसी दौरान उसकी अस्पताल कर्मचारी बाल कृष्ण चनैया से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि सरपंच ने कर्मचारी का सिर दीवार पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने उसे तत्काल उपचार के लिए भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद अस्पताल कर्मचारियों और परिजनों में आक्रोश फैल गया। सभी ने विरोध प्रदर्शन कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है, जिसमें बाद में हत्या से संबंधित धारा भी जोड़ी गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।