व्यापारी ने पत्नी और दो बच्चों संग खाया जहर, 4 करोड़ के कर्ज का दबाव आया सामने

व्यापारी ने पत्नी और दो बच्चों संग खाया जहर, 4 करोड़ के कर्ज का दबाव आया सामने

कवर्धा जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक व्यापारी ने अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ जहर सेवन कर लिया। घटना के बाद चारों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक मामला कवर्धा थाना क्षेत्र का है। व्यापारी योगेश जैन पर करीब 4 करोड़ रुपये का लेन-देन बकाया था। बताया जा रहा है कि लंबे समय से कर्ज और उधारी के दबाव के चलते वह मानसिक तनाव में था। परिजनों ने यह भी बताया कि कुछ लोगों द्वारा उसे लगातार पैसे के लिए दबाव और धमकियां दी जा रही थीं। इसी तनाव के बीच उसने यह खौफनाक कदम उठाया और परिवार समेत जहर सेवन कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

डॉक्टरों के अनुसार चारों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान तीन पन्नों का सुसाइड नोट बरामद किया है। इसमें व्यापारी ने अपनी आर्थिक तंगी, कर्ज और लेन-देन से जुड़ी परेशानियों का विस्तार से जिक्र किया है। पुलिस इस नोट को अहम साक्ष्य मानते हुए मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। थाना प्रभारी योगेश कश्यप के अनुसार, पीड़ितों की हालत गंभीर होने के कारण अभी उनका बयान दर्ज नहीं किया जा सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।