जादू-टोना के शक में सिर धड़ से किया अलग, आरोपी गिरफ्तार

जादू-टोना के शक में सिर धड़ से किया अलग, आरोपी गिरफ्तार

दंतेवाड़ा। जिले में जादू-टोना के शक में एक युवक ने 55 साल के शख्स का गला काट दिया। घर से बाजार के लिए निकले शख्स को युवक ने पहले पीछे से पकड़ा, फिर धारदार हथियार से गले पर वार कर सिर को धड़ से अलग कर दिया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला भांसी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, जिले के गमावाड़ा गांव के मुंडरा पारा के रहने वाले नगड़ूराम भास्कर (55) की हत्या हुई है। नगड़ूराम बुधवार सुबह अपने घर से दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय के बाजार जाने के लिए पत्नी के साथ निकला था। लेकिन, पत्नी को इसने पहले बाजार भेज दिया और खुद गांव में ही किसी काम से रुक गया था। वहीं, गांव का ही एक युवक कमलू भास्कर (22) इनका पीछा करने लगा। जब नगड़ूराम पत्नी से अलग हुआ तो युवक ने मौका पाकर घर से कुछ ही दूरी पर पीछे से पकड़ लिया। मुंह को हाथ से दबाकर धारदार हथियार से गला काट दिया। फिर, शव को खेत में फेंक दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में जाकर छिप गया था। ग्रामीणों ने हत्या की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर जवान। जवानों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। जिसके बाद पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की।