मददगार निकला गुनहगार, अनपढ़ खाताधारक को लगाया लाखों का चूना
बैंक में लेनदेन में मदद करने के बहाने हासिल की खाते की जानकारी, 7 महीने तक किस्तों में निकालता रहा रकम; वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल।

भिलाई। भरोसे का फायदा उठाकर आर्थिक धोखाधड़ी करने का एक मामला सामने आया है। साथ काम करने वाले व्यक्ति ने ही एक अशिक्षित खाताधारक के बैंक खाते से करीब 2 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए। आरोपी बैंक में रुपये जमा करने और निकालने के दौरान पीड़ित की मदद करता था। इसी विश्वास का फायदा उठाकर उसने कई महीनों तक अलग-अलग किस्तों में खाते से रकम निकाली और खुद खर्च कर दी। मामले में वैशाली नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, राजीव नगर सुपेला निवासी दिनेश यादव कैनरा बैंक की सुपेला शाखा में अपना बैंक खाता संचालित करता है। पढ़ा-लिखा नहीं होने के कारण वह बैंक संबंधी लेनदेन के लिए अपने साथ काम करने वाले होरी लाल यादव की मदद लेता था। इस दौरान आरोपी को उसके बैंक खाते और लेनदेन की पूरी जानकारी हो गई थी।
आरोप है कि इसी जानकारी का दुरुपयोग करते हुए होरी लाल यादव ने 24 अगस्त 2025 से 7 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग तारीखों में पीड़ित के बैंक खाते से उसकी जानकारी और सहमति के बिना करीब 2 लाख 30 हजार रुपये निकाल लिए।
जब पीड़ित को खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी मिली तो उसने थाना वैशाली नगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 430/2026 के तहत धारा 305 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने पीड़ित और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा बैंक खाते से जुड़े लेनदेन की जांच की। पूछताछ में आरोपी होरी लाल यादव द्वारा अलग-अलग किस्तों में रकम निकालकर खर्च करना बताया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 13 नवंबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान होरी लाल यादव (30 वर्ष), निवासी साईं इंद्रा नगर, ठेकरापारा, वार्ड क्रमांक 16, थाना सुपेला के रूप में हुई है।