दुर्ग और भिलाई में एक ही दिन शुरू हुए CGHS के दो वेलनेस सेंटर, केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत
सांसद विजय बघेल के प्रयासों से मिली सौगात, अब इलाज के लिए रेफरल कराने रायपुर जाने की जरूरत नहीं

भिलाई। दुर्ग जिले के केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी राहत की खबर है। जिले में एक ही दिन केंद्र सरकार की स्वास्थ्य योजना (CGHS) के दो वेलनेस सेंटर शुरू किए गए हैं। एक सेंटर दुर्ग शहर के बीएसएनएल भवन में और दूसरा भिलाई के सेक्टर-1 स्थित बीएसएनएल भवन में प्रारंभ हुआ है। इन केंद्रों के शुरू होने से अब केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को चिकित्सा सुविधाओं के लिए रेफरल कराने रायपुर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
दुर्ग सांसद विजय बघेल ने जिला कलेक्टर अभिजीत सिंह और वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों वेलनेस सेंटर का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्रीय सरकारी संस्थानों के कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनर्स में खासा उत्साह देखने को मिला।
ओपीडी से लेकर जांच और दवाइयों तक की मिलेगी सुविधा
दोनों वेलनेस सेंटर में मरीजों को ओपीडी की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके साथ ही आवश्यक दवाइयां भी दी जाएंगी। यहां ईसीजी, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच की सुविधा भी मिलेगी।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले में केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स की संख्या काफी अधिक है। रेलवे, बीएसएनएल, सीआईएसएफ, आयकर और जीएसटी सहित विभिन्न केंद्रीय संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों और सेवानिवृत्त कर्मियों को अब तक चिकित्सा सुविधाओं के लिए रेफरल संबंधी कार्यों के लिए रायपुर जाना पड़ता था। लंबी दूरी और कतारों के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब स्थानीय स्तर पर CGHS वेलनेस सेंटर शुरू होने से यह परेशानी काफी हद तक दूर होगी।
दो साल के प्रयासों के बाद मिली सफलता: विजय बघेल
शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि भिलाई-दुर्ग में केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की बड़ी संख्या है। उम्र बढ़ने के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी बढ़ती हैं। ऐसे में इलाज के लिए दूसरे शहर जाना उनके लिए काफी कष्टदायक था।
सांसद ने बताया कि करीब दो साल पहले तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया के सामने उन्होंने दुर्ग जिले में CGHS वेलनेस सेंटर शुरू करने की मांग रखी थी। लगभग एक साल पहले इसकी स्वीकृति मिली और अब दोनों केंद्रों का शुभारंभ हो गया है।
उन्होंने कहा कि उनका लगातार प्रयास है कि केंद्र सरकार की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ उनके लोकसभा क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर मिले।
कलेक्टर अभिजीत सिंह ने भी जताई खुशी
दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कहा कि भिलाई-दुर्ग में केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों की संख्या काफी अधिक है। ऐसे में स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए वेलनेस सेंटर शुरू होना महत्वपूर्ण कदम है। इससे कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी राहत मिलेगी और चिकित्सा संबंधी कार्यों के लिए रायपुर पर निर्भरता कम होगी।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में भारत सरकार के स्वास्थ्य विभाग के प्रिंसिपल एडवाइजर कृष्णमूर्ति कामले, CGHS नागपुर के अपर निदेशक एन. सोमराज और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
दुर्ग वेलनेस सेंटर में डॉ. पार्वती वर्मा मुख्य चिकित्सा अधिकारी की जिम्मेदारी संभालेंगी, जबकि भिलाई सेंटर में डॉ. लीना प्रसाद सेवाएं देंगी।
इस अवसर पर योगेंद्र सिंह, रमेश श्रीवास्तव, उज्ज्वल दत्ता, स्वीटी कौशिक, गजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में केंद्रीय सरकारी अधिकारी, कर्मचारी, पेंशनर्स और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।