AI से तस्वीरें एडिट कर आपत्तिजनक खबरें चलाता था न्यूज पोर्टल संचालक, ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार

तत्कालीन DSP कल्पना वर्मा पर करोड़ों रुपये ऐंठने का आरोप लगाने वाला होटल कारोबारी दीपक टंडन रायपुर से पकड़ा गया, दो मोबाइल जब्त

AI से तस्वीरें एडिट कर आपत्तिजनक खबरें चलाता था न्यूज पोर्टल संचालक, ब्लैकमेलिंग के आरोप में गिरफ्तार

रायपुर/बिलासपुर। AI तकनीक का दुरुपयोग कर लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ करने और आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित कर कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग करने के मामले में बिलासपुर पुलिस ने न्यूज पोर्टल संचालक दीपक टंडन को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोप है कि वह लोगों की तस्वीरों को AI की मदद से एडिट कर भ्रामक और आपत्तिजनक सामग्री न्यूज पोर्टल तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित करता था। इसके बाद संबंधित लोगों पर दबाव बनाकर पैसे वसूलने की कोशिश करता था।

दीपक टंडन वही होटल कारोबारी है, जिसने छत्तीसगढ़ की तत्कालीन डीएसपी कल्पना वर्मा पर प्रेम संबंधों में फंसाकर करोड़ों रुपये ऐंठने का आरोप लगाया था। अब खुद वह कथित तौर पर फर्जी खबरों और ब्लैकमेलिंग के मामले में पुलिस की गिरफ्त में है।

तस्वीरों से छेड़छाड़ कर बदनाम करने का आरोप

पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी तस्वीरों को AI तकनीक से एडिट कर आपत्तिजनक और भ्रामक खबरें तैयार की गईं। इन खबरों को न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर प्रकाशित कर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने तथा ब्लैकमेल करने का प्रयास किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान न्यूज पोर्टल संचालक दीपक टंडन की भूमिका सामने आने पर उसकी तलाश की जाने लगी।

रायपुर के अपार्टमेंट में पुलिस ने दी दबिश

जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन रायपुर में मिली। इसके बाद बिलासपुर पुलिस की टीम ने 6 नवंबर को न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट में दबिश देकर 46 वर्षीय दीपक टंडन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, इन मोबाइल फोन में न्यूज पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। इन डिजिटल सामग्रियों की जांच की जा रही है।

पहले भी दर्ज हैं कई आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली के आरोपों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। इस मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।