अब जिला न्यायालय में मिलेगी पुलिस से जुड़ी हर जरूरी मदद, शुरू हुआ हेल्प डेस्क
महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों को एक ही जगह मिलेगी एफआईआर, सम्मन-वारंट, पुलिस सत्यापन और निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी


दुर्ग। जिला न्यायालय परिसर में आने वाले आम नागरिकों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा के लिए दुर्ग पुलिस ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। शुक्रवार को जिला न्यायालय परिसर में पुलिस सहायता केन्द्र (हेल्प डेस्क) का शुभारंभ किया गया। अब न्यायालय पहुंचने वाले लोगों को पुलिस से संबंधित जानकारी और विभिन्न कानूनी प्रक्रियाओं को समझने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्हें एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी, पुलिस सहायता और मार्गदर्शन मिल सकेगा।
पुलिस सहायता केन्द्र का उद्घाटन जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री शेख अशरफ प्रथम, कलेक्टर अभिजीत सिंह तथा उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने फीता काटकर किया।
एक ही काउंटर पर मिलेंगी कई सुविधाएं
इस हेल्प डेस्क के माध्यम से न्यायालय आने वाले पक्षकारों और आम नागरिकों को एफआईआर की प्रति प्राप्त करने की प्रक्रिया, सम्मन एवं वारंट से संबंधित जानकारी तथा पुलिस सत्यापन के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। इसके अलावा ई-फाइलिंग की प्रक्रिया और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस व्यवस्था का विशेष लाभ उन लोगों को मिलेगा, जिन्हें कानूनी प्रक्रियाओं की पर्याप्त जानकारी नहीं है। खासकर महिलाएं, बुजुर्ग और जरूरतमंद नागरिक यहां पहुंचकर अपनी समस्याओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।
न्यायालय आने वालों को नहीं लगाने पड़ेंगे चक्कर
अक्सर न्यायालय परिसर में आने वाले लोगों को यह समझने में परेशानी होती है कि पुलिस से संबंधित किसी कार्य के लिए किस अधिकारी या कार्यालय से संपर्क किया जाए। इसी परेशानी को दूर करने के उद्देश्य से पुलिस सहायता केन्द्र शुरू किया गया है। अब नागरिकों को जरूरी जानकारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकने की जरूरत नहीं होगी।
न्यायिक, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद
शुभारंभ कार्यक्रम में तृतीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश यशवंत कुमार सारथी, चतुर्थ जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश सुनीता टोप्पो, अष्टम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पुरुषोत्तम सिंह मरकाम, नवम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश पंकज दीक्षित सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव उमेश कुमार भागवतकर सहित जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा, सचिव रविशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष साकेत मिश्रा एवं सदस्य रविशंकर मानिकपुरी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।