दीपावली पर मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, 8 नवंबर को सभी दुकानें रहेंगी बंद

महावीर निर्वाण दिवस के अवसर पर नगर निगम का आदेश, होटल और पशुवध गृहों पर भी लागू रहेगा प्रतिबंध

दीपावली पर मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध, 8 नवंबर को सभी दुकानें रहेंगी बंद

रायपुर। दीपावली पर्व के बीच रायपुर नगर निगम ने मांस-मटन कारोबारियों के लिए महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। रविवार, 8 नवंबर को महावीर निर्वाण दिवस के अवसर पर नगर निगम क्षेत्र में मांस-मटन की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस दिन शहर की सभी मांस-मटन दुकानें और पशुवध गृह बंद रहेंगे। होटलों में भी मांस-मटन की बिक्री नहीं की जा सकेगी।

नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देशों के पालन में यह निर्णय लिया गया है। प्रतिबंध रायपुर नगर पालिक निगम के संपूर्ण क्षेत्र में प्रभावी रहेगा।

व्यापारियों को पालन करने के निर्देश

नगर निगम प्रशासन ने मांस-मटन का कारोबार करने वाले सभी व्यापारियों और प्रतिष्ठान संचालकों से निर्धारित तिथि पर दुकानें बंद रखने तथा आदेश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। गौरतलब है कि शुक्रवार, 6 नवंबर को धनतेरस और रविवार, 8 नवंबर को दीपावली का पर्व मनाया जा रहा है। इसी दौरान महावीर निर्वाण दिवस के अवसर पर नगर निगम ने मांस-मटन की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है।