फाटक पर बारूद लदे वाहन की चपेट में आए बाइक सवार की मौत

कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत इमलीडुग्गु फाटक पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान हनुमानदिन प्रजापति (58 वर्ष), निवासी दादर के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, हनुमानदिन अपने घर में चल रही नवरात्र पूजा के बाद प्रसाद लेकर सीतामढ़ी स्थित अपने भाई के घर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मानिकपुर फाटक उस समय खुला था और वे उसे पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक फाटक बंद होने लगा।

बताया जा रहा है कि उसी समय एक बारूद से भरा वाहन फाटक पार करने की जल्दबाजी में था, जिसने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया। जोरदार टक्कर के बाद हनुमानदिन फाटक के पास बने गड्ढे में जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, हादसे में शामिल बारूद से भरा वाहन नागपुर से रायगढ़ जा रहा था और एक निजी कंपनी का बताया जा रहा है। घटना की जानकारी कंपनी के सुपरवाइजर को भी दे दी गई है। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फाटक के पास सुरक्षा मानकों की कमी और सड़क पर बने गड्ढे इस हादसे के प्रमुख कारण रहे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
