CRPF पर हमले का दूसरा आतंकी भी ढेर, मुठभेड़ के दौरान लश्कर कमांडर लतीफ भट मारा गया, मस्जिद में छिपा था

11 नवंबर को CRPF चौकी पर हमले में तीन जवान हुए थे घायल, सोमवार को मारा गया था उसका साथी उमर निसार

CRPF पर हमले का दूसरा आतंकी भी ढेर, मुठभेड़ के दौरान लश्कर कमांडर लतीफ भट मारा गया, मस्जिद में छिपा था

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कुलगाम जिले में बुधवार तड़के हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी कमांडर मोहम्मद लतीफ भट मारा गया। वह 11 नवंबर को CRPF के जवानों पर हुए हमले में शामिल था। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। सुरक्षा बलों ने उसे पकड़ने के लिए कई दिनों से तलाशी अभियान चला रखा था। सोमवार को इसी हमले में शामिल उसका एक साथी उमर निसार डार भी मुठभेड़ में मारा गया था। लतीफ भट के मारे जाने के साथ ही इस हमले में शामिल दोनों आतंकियों का खात्मा हो गया है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 2:45 बजे दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के जांगलपोरा इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकी के बीच मुठभेड़ शुरू हुई। सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि लतीफ भट इलाके में छिपा हुआ है। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। घेराबंदी के दौरान आतंकी एक मस्जिद के अंदर छिप गया।

सुरक्षा बलों ने मस्जिद के भीतर छिपे आतंकी को आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार समझाने का प्रयास किया। कुलगाम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनायत अली चौधरी और सेना के अधिकारी ने वीडियो कॉल के माध्यम से भी उससे बातचीत की। उसे हथियार डालकर बाहर आने का मौका दिया गया, लेकिन उसने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया। पुलिस के मुताबिक, तड़के करीब 2:45 बजे उसने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया। मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए सुरक्षा बलों ने काफी संयम बरता।

CRPF पर हमले के बाद शुरू हुई थी तलाश

दरअसल, 11 नवंबर को कुलगाम के अखरान इलाके में CRPF के नाके पर आतंकियों ने हमला किया था। इस हमले में तीन अर्धसैनिक जवान घायल हो गए थे। जांच में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी मोहम्मद लतीफ भट और उसके सहयोगी उमर निसार डार की भूमिका सामने आई थी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया था। 16 नवंबर को लारू बाईपास इलाके में सुरक्षा बलों का आतंकियों से सामना हुआ था। इस मुठभेड़ में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ भट घेराबंदी तोड़कर भागने में सफल रहा। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी थीं।