दुर्ग में सजा तिब्बती बाजार, सर्दी आते ही खुली गर्म कपड़ों की दुकानें, महापौर अल्का बाघमार ने किया शुभारंभ
साइंस कॉलेज के पास तिब्बती समुदाय ने लगाया शीतकालीन बाजार, बच्चों से बुजुर्गों तक के लिए गर्म कपड़ों की वैरायटी




दुर्ग। मौसम में बदलाव के साथ ही अब सर्दियों की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। सुबह और शाम की ठंड को देखते हुए शहरवासियों ने गर्म कपड़ों की खरीदारी की तैयारी शुरू कर दी है। इसी बीच दुर्ग के साइंस कॉलेज के पास तिब्बती समुदाय द्वारा संचालित गर्म कपड़ों का बाजार सजकर तैयार हो गया है। बाजार का शुभारंभ होने के साथ ही यहां खरीदारी का सिलसिला भी शुरू हो गया है। तेंजी यिशी के अगुवाई में दुर्ग महापौर अल्का बाघमार ने इसका शुभारंभ किया। इस दौरान महापौर का तिब्बती लोगों द्वारा महापौर अल्का बाघमार का भव्य स्वागत किया गया।
इस बार बाजार में कुल 30 स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर सर्दियों के मौसम में इस्तेमाल होने वाले अलग-अलग तरह के गर्म कपड़े उपलब्ध कराए गए हैं। स्वेटर, जैकेट, ऊनी कपड़े और अन्य सर्दियों के परिधानों की विभिन्न वैरायटी लोगों को आकर्षित कर रही हैं।
खास बात यह है कि यहां केवल युवाओं के लिए ही नहीं, बल्कि बच्चों और बुजुर्गों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भी गर्म कपड़ों की व्यवस्था की गई है। ऐसे में परिवार के सभी सदस्यों के लिए एक ही जगह पर सर्दियों की खरीदारी करने का विकल्प उपलब्ध है।
तिब्बती समुदाय द्वारा हर साल सर्दियों के मौसम में इस तरह का बाजार लगाया जाता है। मौसम के साथ बाजार की रौनक भी बढ़ने लगती है। इस बाजार से जहां शहरवासियों को गर्म कपड़ों की खरीदारी का स्थानीय विकल्प मिलता है, वहीं तिब्बती कारोबारियों को भी अपने व्यापार के लिए अवसर मिलता है।
30 स्टॉलों के साथ शुरू हुआ यह बाजार आने वाले दिनों में शहरवासियों के लिए सर्दियों की खरीदारी का प्रमुख केंद्र बन सकता है। अब देखना होगा कि इस बार बाजार में ग्राहकों की कितनी भीड़ उमड़ती है और गर्म कपड़ों की कौन-कौन सी वैरायटी लोगों की पहली पसंद बनती है।