ट्रक की टंकी से डीजल चोरी कर बेच रहा था चालक, खरीदार भी गिरफ्तार; 100 लीटर डीजल बरामद

धमतरी। धमतरी जिले के कुरूद में ट्रक की टंकी से डीजल चोरी करने और चोरी का डीजल खरीदने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 10,240 रुपये बताई गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के सड्डू निवासी राहुल कुमार यादव ने थाना कुरूद में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी माता सुमित्रा देवी यादव के नाम पर पंजीकृत ट्रक क्रमांक CG 04 RA 1168 को चालक अजय ध्रुव 10 नवंबर 2026 को रायपुर से बचेली माल लेकर जाने के लिए निकला था। लेकिन चालक बचेली जाने के बजाय ट्रक को कुरूद स्थित पुरुषोत्तम पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर दिया।
आरोप है कि 11 नवंबर की रात करीब 1 बजे चालक ट्रक को ग्राम चरमुड़िया उपस्वास्थ्य केंद्र के पास ले गया और उसकी टंकी से करीब 130 लीटर डीजल चोरी कर लिया। चोरी किए गए डीजल की कीमत लगभग 13,280 रुपये बताई गई है।
शिकायत मिलने पर कुरूद पुलिस ने अपराध क्रमांक 394/2026 के तहत धारा 316(4), 305(सी) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने संदेही चालक अजय ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने ट्रक से करीब 100 लीटर डीजल तीन अलग-अलग जरकिन में निकालकर गांव के ही लाकेश उर्फ चुम्मन महिपाल को 6,800 रुपये में बेचने की बात स्वीकार की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी लाकेश उर्फ चुम्मन महिपाल के कब्जे से चोरी का 100 लीटर डीजल बरामद किया। चोरी की संपत्ति खरीदने के मामले में प्रकरण में धारा 317(2) बीएनएस भी जोड़ी गई।
पुलिस ने 13 नवंबर 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
- अजय ध्रुव उर्फ अज्जू (27 वर्ष) निवासी ग्राम चरमुड़िया, थाना कुरूद, जिला धमतरी।
- लाकेश उर्फ चुम्मन महिपाल (29 वर्ष) निवासी ग्राम चरमुड़िया, थाना कुरूद, जिला धमतरी।