दुर्ग में सफाई कर्मी की चाकू मारकर हत्या, दो नाबालिग हिरासत में

दुर्ग में सफाई कर्मी  की चाकू मारकर हत्या, दो नाबालिग हिरासत में

दुर्ग। दुर्ग शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर कानून व्यवस्था को चुनौती देते नजर आए। शनिचरी मार्केट से लगे सिद्धार्थ नगर में दिनदहाड़े 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अविनाश उर्फ नासो परिहार के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामले में कोतवाली पुलिस ने दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, अविनाश नगर निगम में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी पद्मा निर्मलकर ने बताया कि अविनाश शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर पर नाश्ता करने आए थे। नाश्ता करने के बाद वह ड्यूटी पर चले गए। दोपहर तक घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान एक परिचित व्यक्ति से पूछताछ करने पर पता चला कि अविनाश कुछ लड़कों के साथ बैठे हुए हैं।

भांजे ने अपनी आंखों से देखा हमले का खौफनाक मंजर

इस हत्याकांड का सबसे चौंकाने वाला पहलू मृतक के भांजे अरमान भारद्वाज का बयान है। अरमान ने बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे अपने मामा के घर पहुंचा था। वहां उसने मामी से पूछा कि मामा कहां हैं। इस पर उन्होंने बताया कि अविनाश हाजिरी दिलाने गए हैं।

इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचा। उससे पूछताछ करने पर उसने बताया कि मैदान के पास स्थित एक ऑफिस में अविनाश मौजूद हैं, जहां कई लड़के बैठते हैं। यह जानकारी मिलने के बाद अरमान बताए गए स्थान पर पहुंचा।

'कितना बड़ा गुंडा है तू...' कहते सुनाई दी मामा की आवाज

अरमान के मुताबिक, जैसे ही वह बताए गए स्थान के पास पहुंचा, उसे अपने मामा की आवाज सुनाई दी। अविनाश किसी से कह रहे थे, 'कितना बड़ा गुंडा है तू, मार चाकू मार।'

आवाज सुनकर अरमान दौड़कर मौके पर पहुंचा तो उसके सामने खौफनाक दृश्य था। उसका दावा है कि अविनाश जमीन पर पड़े हुए थे और दो नाबालिग उनके गले पर चाकू से वार कर रहे थे। अरमान को देखते ही दोनों आरोपी मौके से भाग निकले।

अरमान ने पुलिस को बताया कि उसने घटनास्थल पर दो ही लोगों को चाकू से हमला करते हुए देखा था। इसके बाद घायल अविनाश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो नाबालिग हिरासत में, हत्या के कारणों की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार समेत अन्य पहलुओं की जांच जारी है।