दुर्ग में पीलिया की दस्तक, एक ही बस्ती में मिले 15 मरीज, स्वास्थ्य विभाग ने 128 घरों का किया सर्वे
वार्ड क्रमांक 54 की पोटियाकला आबादी बस्ती में स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय, 6 नए संदिग्ध मरीज मिले, जांच के लिए भेजे गए सैंपल। फिलहाल सभी मरीजों की हालत सामान्य, किसी की मौत नहीं।

दुर्ग। शहर में पीलिया के मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। नगर निगम दुर्ग क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 54 स्थित आबादी बस्ती पोटियाकला में पीलिया के संभावित मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित इलाके में निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। बीते 7 दिनों में यहां पीलिया के कुल 15 मरीज सामने आ चुके हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र के 128 घरों का सर्वे किया, जिसमें 6 नए संभावित मरीज मिले हैं। सभी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
15 मरीज मिले, 4 अस्पताल में भर्ती
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 12 नवंबर को पोटियाकला बस्ती में संभावित पीलिया के मरीज मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी के निर्देश पर जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे, शहरी खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट एवं बीटीओ सहित स्थानीय स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 7 नवंबर से 13 नवंबर 2026 तक कुल 15 मरीज सामने आए हैं। इनमें से 4 मरीजों का उपचार शासकीय जिला अस्पताल दुर्ग में चल रहा है, जबकि अन्य मरीज घर पर ही चिकित्सकीय निगरानी में उपचार ले रहे हैं।
128 घरों का सर्वे, 6 नए संदिग्ध मिले
शुक्रवार 13 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वे किया। इस दौरान कुल 128 घरों का निरीक्षण किया गया। सर्वे में 6 नए संभावित पीलिया मरीजों की पहचान हुई है। इन सभी के सैंपल जांच के लिए जिला अस्पताल दुर्ग भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही संक्रमण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पीलिया से किसी मरीज की मौत नहीं, सभी की हालत सामान्य
स्वास्थ्य विभाग ने राहत की बात बताते हुए कहा है कि वर्तमान में सभी मरीजों की स्थिति सामान्य है। अब तक पीलिया संक्रमण से किसी भी मरीज की मृत्यु नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित इलाके में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों को पीलिया के लक्षणों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है। आंखों में पीलापन दिखाई देना, पेशाब का रंग पीला होना, शरीर का रंग पीला पड़ना, उल्टी आना, भूख नहीं लगना, थकान महसूस होना, पेट में लगातार दर्द और बुखार जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की गई है।
पानी उबालकर पिएं, बाहर का खाना खाने से बचें
संक्रमण की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से पानी उबालकर पीने, सड़े-गले फल और सब्जियों का सेवन नहीं करने तथा बाहर का खाना खाने से बचने की अपील की है। साथ ही मांसाहार से परहेज करने की सलाह भी दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग की लोगों से अपील
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पीलिया के लक्षण दिखाई देने पर घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। लोगों को सतर्क रहकर स्वच्छता का पालन करना चाहिए। लक्षण नजर आने पर तत्काल स्वास्थ्य संस्था से संपर्क करें और संक्रमण के प्रसार को रोकने में सहयोग करें।