दीपावली पर शपथ फाउंडेशन की पहल, दो जरूरतमंद महिलाओं को भेंट की सिलाई मशीन

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उठाया कदम, संस्था अब तक 100 दिव्यांगजनों को उपलब्ध करा चुकी है ट्राइसाइकिल; दस वर्षों से समाजसेवा में सक्रिय है फाउंडेशन।

दीपावली पर शपथ फाउंडेशन की पहल, दो जरूरतमंद महिलाओं को भेंट की सिलाई मशीन

भिलाई। दीपावली के पर्व पर खुशियां बांटने और जरूरतमंदों के जीवन में नई उम्मीद जगाने के उद्देश्य से शपथ फाउंडेशन ने सराहनीय पहल की। संस्था की ओर से दीपावली के अगले दिन दो जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीन भेंट की गई, ताकि वे घर बैठे रोजगार शुरू कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

इस पहल के तहत शंकरपारा, दुर्ग निवासी श्रीमती सुमिन लता बंजारे और कृष्णा नगर निवासी श्रीमती ममता फाये को सिलाई मशीन प्रदान की गई। संस्था का उद्देश्य महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार का अवसर उपलब्ध कराना है। सिलाई मशीन के माध्यम से दोनों महिलाएं घर से ही काम शुरू कर अपनी आजीविका चला सकेंगी। उल्लेखनीय है कि शपथ फाउंडेशन पिछले दस वर्षों से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था दिव्यांगजनों, जरूरतमंदों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की सहायता के लिए लगातार कार्य कर रही है। संस्था अब तक 100 दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल प्रदान कर चुकी है। दिव्यांगजनों को आवागमन में सुविधा देने के साथ-साथ जरूरतमंद महिलाओं को रोजगार के साधन उपलब्ध कराना भी संस्था के सेवा कार्यों का हिस्सा है। कार्यक्रम में एफएसएनएल के महाप्रबंधक पंकज त्यागी अपनी धर्मपत्नी के साथ उपस्थित रहे। संस्था के मार्गदर्शक एवं संरक्षक तथा पूर्व सीएसपी वीरेंद्र सतपथी, साडा के पूर्व उपाध्यक्ष बृजमोहन सिंह और इरफान खान की विशेष उपस्थिति रही।

इस अवसर पर शपथ फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित अमिताभ भट्टाचार्य, विकास जायसवाल, अशोक साहू, मोहन राव, रश्मि सागर, उर्मिला उपाध्याय, राजेश शर्मा, आशु महाजन, हनी अंबाडे और स्वप्निल जैन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दोनों महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।