दुष्कर्म मामले में बिहार का 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार, नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप

दुष्कर्म मामले में बिहार का 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार, नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नाबालिग बालिकाओं के साथ दुष्कर्म के मामलों में पुलिस की कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में नारायणपुर थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के आरोप में 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी बिहार के शिवहर जिले का निवासी है और वर्तमान में नारायणपुर में रह रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को पीड़िता के पिता ने नारायणपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक युवक उनकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 64, 65(1) और पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता और उसके पिता के बयान दर्ज किए। इसके साथ ही पीड़िता का जिला अस्पताल नारायणपुर में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की।

पुलिस ने आरोपी अजीत राजपूत (23 वर्ष), निवासी ग्राम जगदीशपुर कोठिया, थाना तरियानी, जिला शिवहर (बिहार), वर्तमान निवासी पुराना बस स्टैंड नारायणपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद 4 नवंबर को उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।