हादसे के बाद बड़ा खुलासा, स्कूटी से 70 करोड़ की हेरोइन बरामद

राजस्थान के बीकानेर जिले में भारत-पाक सीमा से तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सुरक्षा एजेंसियों से पहले एक नीलगाय ने पूरे नेटवर्क की परत खोल दी।

जानकारी के मुताबिक, पूगल क्षेत्र में तड़के करीब 4 बजे स्कूटी सवार एक संदिग्ध युवक नीलगाय से टकराकर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जब स्कूटी की तलाशी ली, तो उसमें छिपाकर रखी गई करीब 14 किलो हेरोइन बरामद हुई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 70 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यह खेप खाजूवाला बॉर्डर क्षेत्र में पाकिस्तानी ड्रोन के जरिए गिराई गई थी।

हादसे में घायल युवक की पहचान सोजत के रेपड़वास निवासी खेताराम के रूप में हुई है। वह स्कूटी से खाजूवाला से पूगल की ओर जा रहा था और पूगल से करीब 7 किलोमीटर पहले दुर्घटना हो गई। घायल युवक को 108 एम्बुलेंस की मदद से पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल बेहोश है और होश में आने के बाद तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। मौके से आरोपी का आधार कार्ड बरामद हुआ है, जबकि स्कूटी किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत पाई गई है। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क को खंगालने में लगी है।

